प्रतापगढ़ , मार्च 16 -- उत्तर प्रदेश में प्रतापगढ़ जिले के अंतू थाना क्षेत्र में सोमवार को धारदार हथियार से मां और बेटे की हत्या कर दी गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि पारा हमीदपुर गांव में शिवपति (40) और उनके बेटे जयान मौर्य (12) के खून से लथपथ शव घर के एक कमरे में मिले। सोमवार सुबह घर में काम करने आए एक शटरिंग मिस्त्री ने शवों को देख इसकी सूचना पड़ोसियों को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद बताया कि मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम गठित कर दी गई है।
सूत्रों ने बताया कि मृतका शिवपति का पति कामकाज के सिलसिले में बाहर रहता है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित