प्रतापगढ़ , अगस्त 22 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में शनिवार शाम मछली पकड़ने गए चाचा-भतीजा नाले में डूब गए। ग्रामीणों ने चाचा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि भतीजे का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस और ग्रामीण उसकी तलाश में जुटे हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, रानीगंज थाना क्षेत्र के मेढ़वली गांव निवासी नन्हे विश्वकर्मा और उनका 25 वर्षीय भतीजा लल्ले उर्फ विकास शनिवार शाम करीब पांच बजे गांव के पास स्थित नाले में मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान विकास गहरे पानी में डूबने लगा। भतीजे को डूबता देखकर नन्हे उसे बचाने के लिए नाले में कूद पड़े। इस दौरान वह भी गहरे पानी में डूबने लगे। दोनों के डूबने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और नन्हे विश्वकर्मा को किसी तरह बाहर निकाल लिया।

वहीं, विकास गहरे पानी में डूबकर लापता हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से नाले में उसकी तलाश शुरू कर दी। देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका था। घटना के बाद मेढ़वली गांव में मातम का माहौल है। पुलिस स्थानीय लोगों की मदद से लापता युवक की तलाश में जुटी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित