प्रतापगढ़ , अक्टूबर 26 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में संग्रामगढ़ पुलिस ने मंदिरों से चांदी के मुकुट चोरी करने के आरोप में एक ही परिवार के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के दो मुकुट, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, कैंची और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपियों के खिलाफ दर्ज दो मुकदमों में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस सूत्रों ने सोमवार शाम बताया कि पहली घटना 25 सितंबर को हुई थी। संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र में बाबागंज ब्लॉक मुख्यालय के पीछे स्थित मां भद्रकाली शक्तिपीठ मंदिर में देवी की मूर्ति पर लगा करीब 600 ग्राम चांदी का मुकुट चोरी हो गया था। दूसरी घटना 22 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 10:34 बजे ग्राम धौरेहट सराय नैनकुंवर स्थित हनुमान मंदिर में हुई। आरोप है कि मंदिर परिसर में एक महिला और पुरुष के प्रवेश के दौरान हनुमान जी की मूर्ति पर लगा चांदी का मुकुट चोरी कर लिया गया था।

पुलिस ने दोनों घटनाओं की जांच के बाद रोहित पाण्डेय (20), उसके पिता गिरीश पाण्डेय (50), लवकुश पाण्डेय और किरण पाण्डेय पत्नी गिरीश पाण्डेय को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी नौढ़िया सरैया गांव के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से चोरी के दोनों मुकुट समेत अन्य सामान बरामद किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित