प्रतापगढ़ , अगस्त 4 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए 305 नए वितरण ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। शासन ने इसके लिए 5 करोड़ 22 लाख रुपये के बजट को स्वीकृति प्रदान कर दी है। विद्युत विभाग के अनुसार अगस्त माह के अंतिम चरण से ट्रांसफार्मर स्थापना का कार्य शुरू होने की संभावना है।

अधीक्षण अभियंता (विद्युत) छैल बिहारी ने मंगलवार को बताया कि स्वीकृत योजना के तहत सदर तहसील में 80, कुंडा में 120, रानीगंज में 65 तथा लालगंज तहसील में 40 नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि नए ट्रांसफार्मरों की स्थापना से जिले में बिजली आपूर्ति व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होगा तथा खराब ट्रांसफार्मरों के शीघ्र प्रतिस्थापन में भी सुविधा मिलेगी।

अधीक्षण अभियंता के अनुसार वर्तमान में वर्कशॉप पर ट्रांसफार्मरों की अधिक मांग होने के कारण कई बार उपभोक्ताओं के गांवों और मोहल्लों तक समय पर ट्रांसफार्मर नहीं पहुंच पाते हैं। इसके चलते लोगों को तीन से चार दिन तक इंतजार करना पड़ता है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद इस समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि परियोजना के पूरा होने से खराब ट्रांसफार्मरों को शीघ्र बदला जा सकेगा, जिससे विद्युत आपूर्ति में होने वाले लंबे व्यवधान कम होंगे और उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली सेवा उपलब्ध कराई जा सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित