प्रतापगढ़ , अप्रैल 27 -- उत्तर प्रदेश में प्रतापगढ़ जिले की थाना अन्तू पुलिस ने सोमवार को एक संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद गोवध एवं गैंगस्टर समेत विभिन्न मुकदमों में वांछित एक शातिर अभियुक्त को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। हालांकि उसका एक साथी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने मौके से अवैध असलहा, कारतूस, मोटरसाइकिल और गोवध से संबंधित उपकरण बरामद किए हैं। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार ने बताया कि थाना अन्तू क्षेत्र के ग्राम रामगढ़ी गायघाट रोड से चमरौधा पुल की ओर जंगल के पास पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक टीवीएस स्पोर्ट मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया गया।
उन्होंने बताया कि पुलिस को देखकर बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस टीम ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया और उसे मौके पर ही दबोच लिया गया, जबकि दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। घायल बदमाश की पहचान सुलेमान निवासी रामपुर कुर्मियान थाना कंधई, जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। उसे तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय प्रतापगढ़ भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस, चार खोखा कारतूस, एक बिना नंबर प्लेट की टीवीएस स्पोर्ट मोटरसाइकिल तथा गोवध से संबंधित उपकरण, जिनमें एक बड़ा चाकू (बांका), एक चाकू और रस्सी शामिल हैं, बरामद किए गए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अभियुक्त सुलेमान के विरुद्ध गोवध और गैंगस्टर एक्ट सहित कुल छह अभियोग पहले से पंजीकृत हैं। पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित