प्रतापगढ़ , अप्रैल 25 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में शनिवार तड़के थाना मानिकपुर पुलिस ने पुलिस अभिरक्षा से फरार अभियुक्त को मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त के दोनों पैरों में गोली लगी है। पुलिस ने उसके पास से एक देशी तमंचा और कारतूस बरामद किया है। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त जलालुद्दीन उर्फ डब्बू के खिलाफ थाना मानिकपुर में पॉक्सो एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत है। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में उपचार के लिए भेजा गया था, लेकिन वह 21 अप्रैल को प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल से उपचार के दौरान फरार हो गया था। इस संबंध में थाना कोतवाली नगर, कमिश्नरेट प्रयागराज में पुलिस अभिरक्षा से फरार होने का अभियोग भी दर्ज किया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित