प्रतापगढ़ , जून 18 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में थाना लालगंज पुलिस ने नाबालिग अपहृता को सकुशल बरामद करते हुए अपहरण के मुकदमे में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान महेश वर्मा (24) पुत्र राम किशुन वर्मा निवासी ग्राम दौलत का पुरवा, अमावा, थाना लालगंज, जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। उसे थाना लालगंज क्षेत्र में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लालगंज के सामने सड़क किनारे से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से नाबालिग अपहृता को भी सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 14 जून की शाम को पीड़िता को शादी करने के उद्देश्य से उसे घर से लेकर मुंबई चला गया था। आरोपी ने बताया कि उसके पास पर्याप्त पैसे नहीं थे, इसलिए वह मुंबई से वापस आकर धन की व्यवस्था करने की कोशिश कर रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
गौरतलब है कि पीड़िता की मां, निवासी ग्राम दौलत का पुरवा, थाना लालगंज, ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि 14 जून को महेश वर्मा उसकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ नाबालिग के अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा बरामद किशोरी को नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित