प्रतापगढ़ , अगस्त 13 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में लालगंज थाना पुलिस ने दहेज हत्या के एक मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि दहेज हत्या के प्रकरण में वांछित सोनू निवासी गंगा बक्स का पुरवा, थाना लालगंज को बंसतगंज चौराहे के पास से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार सांगीपुर थाना क्षेत्र के ओरीपुर नौगीर (कलुआघाट) निवासी एक व्यक्ति ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसने अपनी पुत्री का विवाह 20 अगस्त 2024 को सोनू पुत्र स्वर्गीय पप्पू उर्फ अब्दुल मजीद निवासी गंगा बक्स का पुरवा, थाना लालगंज के साथ किया था। विवाह के बाद से ही पति सोनू, सास हसीना बानो, देवर मोनू तथा ननद द्वारा तीन लाख रुपये दहेज की मांग को लेकर उसकी पुत्री को प्रताड़ित किया जाता था।
तहरीर के अनुसार दो अगस्त 2026 को आरोपियों ने उसकी पुत्री के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। बाद में पति ने फोन कर सूचना दी कि उसकी पत्नी ने जहर खा लिया है। पोस्टमार्टम के बाद तीन अगस्त को शव परिजनों को सौंपा गया और चार अगस्त को अंतिम संस्कार किया गया। परिजनों का आरोप है कि शव पर चोट के निशान भी पाए गए थे।
इस मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर लालगंज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 302/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 80(2), 85 तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के अंतर्गत पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित