प्रतापगढ़ , अप्रैल 27 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में कुंडा कोतवाली क्षेत्र के बेन्ती रोड स्थित मौली के पास सोमवार देर शाम श्रद्धालुओं से भरा एक डाला अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उस पर सवार 20 श्रद्धालु घायल हो गए। सभी घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कुंडा में उपचार चल रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार सभी श्रद्धालु हौदेश्वर नाथ धाम में झंडा चढ़ाकर अपने गांव वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बेन्ती रोड पर मौली के पास वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को अपनी गाड़ी से सीएचसी कुंडा पहुंचाया और उनके इलाज की व्यवस्था कराई।
पुलिस ने बताया कि घायल सभी श्रद्धालु ग्राम मियां का पुरवा, थाना कुंडा, जनपद प्रतापगढ़ के निवासी हैं। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित