प्रतापगढ़ , अप्रैल 18 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में पारिवारिक कलह से परेशान एक विवाहित महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। महिला ने अपने 10 वर्षीय बेटे को भी वही पदार्थ खिला दिया, जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि कोतवाली पट्टी क्षेत्र के सफहा छात गांव निवासी सुनील की पत्नी शमला (31), ने शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे जहरीला पदार्थ खा लिया। आरोप है कि उसने अपने 10 वर्षीय पुत्र को भी वही पदार्थ खिला दिया। दोनों की हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर किया गया। शनिवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

बालक का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना पर पहुंचे महिला के मायके पक्ष के लोगों ने बताया कि पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित