प्रतापगढ़ , अगस्त 20 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने गुरुवार को विभिन्न तहसीलों में रेस्टोरेंट, डेयरी और मिष्ठान प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता की जांच की। अभियान के दौरान खाद्य पदार्थों के 10 नमूने संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।

अधिकारियों के अनुसार सहायक आयुक्त (खाद्य) ग्रेड-।। अभय कुमार सिंह के निर्देशन तथा मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। टीम ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, रख-रखाव और स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं की जांच की।

कुंडा तहसील क्षेत्र के एक खाद्य प्रतिष्ठान में करीब 15 लीटर मिश्रित दूध अस्वच्छ परिस्थितियों में भंडारित पाया गया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 600 रुपये बताई गई है। टीम ने मौके पर ही दूध को नष्ट करा दिया।

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान संग्रहित किए गए सभी 10 खाद्य नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों ने बताया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए जिले में इस प्रकार की जांच एवं छापेमारी की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित