प्रतापगढ़ , मई 19 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में थाना देल्हूपुर पुलिस और एंटी नारकोटिक्स प्रयागराज इकाई की संयुक्त टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 503.6 ग्राम अवैध हीरोइन बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद हीरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग एक करोड़ छह लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर थाना देल्हूपुर प्रभारी राधेश्याम तथा एंटी नारकोटिक्स प्रयागराज इकाई की टीम ने थाना क्षेत्र के गजेहड़ा जंगल के पास घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति बस से उतरता दिखाई दिया, जिसकी पहचान मुखबिर ने की।
पुलिस ने संदिग्ध रिजवानुल रहमान को हिरासत में लेकर तलाशी ली तो उसके कब्जे से 503.6 ग्राम अवैध हीरोइन बरामद हुई। बरामद मादक पदार्थ की कीमत करीब एक करोड़ छह लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। साथ ही मामले में जुड़े अन्य तस्करों और नेटवर्क की जानकारी जुटाने के लिए जांच तेज कर दी गई है।
थाना देल्हूपुर क्षेत्र में हुई इस बड़ी कार्रवाई के बाद अवैध नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित