प्रतापगढ़ , मई 20 -- उत्तर प्रदेश में प्रतापगढ़ जिले के अंतू थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर विद्युत शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग में आधा दर्जन लोग झुलस गए, जबकि घर गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कल्याणपुर मौरहा आठगांव निवासी मुन्नालाल वर्मा के घर में दोपहर के समय अचानक बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने से मुन्नालाल वर्मा की पत्नी गुड़िया सहित छह लोग झुलसकर घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।

ग्रामीणों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया गया। घायलों को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने से घर में रखा आटा, दाल, चावल, चारपाई, बिस्तर, बर्तन, टीवी, पंखा और साइकिल समेत गृहस्थी का पूरा सामान जलकर खाक हो गया।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद फायर ब्रिगेड की टीम समय पर मौके पर नहीं पहुंची, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है। सूचना मिलने पर गांव के लेखपाल भी मौके पर पहुंच गए और नुकसान का आकलन शुरू किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित