प्रतापगढ़ , अगस्त 11 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में पुलिस ने मंगलवार को अवैध गैस रिफिलिंग के धंधे का भंडाफोड़ करते हुए गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो पिकअप वाहन और 96 गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। मौके से गैस रिफिलिंग में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और सील मशीन भी बरामद हुई है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि कोतवाली देहात क्षेत्र के सकरौली गांव स्थित एक बाग में अवैध तरीके से गैस रिफिलिंग किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मंगलवार को बाग में छापा मारकर पांच लोगों को गिरफ्तार किया और मौके से दो पिकअप वाहनों में रखे 96 सिलेंडर बरामद किए।

पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य उपभोक्ताओं के घरों में आपूर्ति के लिए गोदाम से सिलेंडर लेकर निकलते थे और रास्ते में किसी सुनसान स्थान पर प्रत्येक सिलेंडर से करीब तीन से चार किलोग्राम गैस निकाल लेते थे। इसके बाद निकाली गई गैस को दूसरे सिलेंडरों में भरकर उसकी अवैध रिफिलिंग की जाती थी। इस काम में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और सिलेंडरों पर सील लगाने वाली मशीन भी मौके से बरामद हुई है।

पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई के बाद मामले की जानकारी पूर्ति विभाग को दी है। पुलिस और पूर्ति विभाग की टीम गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। बरामद सिलेंडरों और उपकरणों की जांच के साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस अवैध कारोबार में गिरोह के साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हैं। पुलिस के अनुसार मामले में जांच और पूछताछ जारी है तथा जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित