पटना , सितंबर 02 -- बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने नवादा जिले के हिसुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचु गढ़पर निवासी 22 वर्षीय प्रणय भारती चंद्रवंशी की गोली मारकर हत्या की घटना पर गहरा दुःख एवं शोक व्यक्त किया है।

डॉ. प्रेम कुमार ने घटना की जानकारी मिलते ही नवादा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) से तत्काल दूरभाष पर बात कर पूरे मामले की जानकारी ली तथा हत्या में संलिप्त अपराधी के विरुद्ध कठोर एवं उचित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराधी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, कानून से ऊपर कोई नहीं है। पुलिस इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोषी को गिरफ्तार कर उसे कानून के अनुसार कड़ी सजा दिलाने की दिशा में कार्य करे।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि नवादा में कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित