लखनऊ , जून 28 -- प्रचंड गर्मी का सामना कर रहे उत्तर प्रदेश में आने वाला सप्ताह फुहारों के साथ राहत का संदेश ला सकता है। मौसम विभाग ने रविवार को अगले सात दिनों के लिए जारी पूर्वानुमान में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में वर्षा की गतिविधियां धीरे-धीरे बढ़ने की संभावना जताई है। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में गरज-चमक, वज्रपात तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार 28 और 29 जून को पश्चिमी तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं वर्षा और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। 30 जून को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर वर्षा होने की संभावना है। एक जुलाई से वर्षा की गतिविधियों में और तेजी आएगी। पूर्वी उत्तर प्रदेश में अनेक स्थानों पर तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर वर्षा और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है। दो जुलाई को प्रदेश के दोनों हिस्सों में अनेक स्थानों पर वर्षा हो सकती है, जबकि तीन जुलाई को पूर्वी उत्तर प्रदेश में अनेक स्थानों और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर वर्षा की संभावना है। चार जुलाई को दोनों क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर वर्षा का पूर्वानुमान है।

मौसम विभाग ने 28 जून के लिए पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर मेघगर्जन, वज्रपात तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही दोनों क्षेत्रों के कुछ हिस्सों में लू से लेकर भीषण लू चलने की भी आशंका व्यक्त की गई है।

29 जून को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर लू चलने की संभावना है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में लू के साथ मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं का भी पूर्वानुमान है। 30 जून और एक जुलाई को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। इन दोनों दिनों पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक, वज्रपात तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की गई है।

दो से चार जुलाई के दौरान प्रदेश के दोनों हिस्सों में कहीं-कहीं मेघगर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना बनी रहेगी। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने तथा बिजली गिरने और तेज हवाओं के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित