रायपुर , सितंबर 29 -- केंद्र सरकार की राष्ट्रीय स्वच्छता पहल 'प्रगति-50' में छत्तीसगढ़ के रायपुर और बिलासपुर को शामिल किया गया है। इस पहल के तहत दोनों शहरों में शहरी स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए केंद्र सरकार विशेष तकनीकी सहयोग और मार्गदर्शन देगी।

केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 'प्रगति-50' का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू राष्ट्रीय राजधानी से तथा छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव राजनांदगांव से वर्चुअली शामिल हुए।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री साव ने योजना में रायपुर और बिलासपुर के चयन पर दोनों नगर निगमों, स्वच्छता मित्रों और शहरवासियों को बधाई दी। रायपुर की महापौर मीनल चौबे, बिलासपुर की महापौर पूजा विधानी तथा दोनों नगर निगमों के आयुक्त भी कार्यक्रम में ऑनलाइन शामिल हुए।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित 51वीं 'प्रगति' बैठक में दिए गए निर्देशों के आधार पर यह पहल शुरू की गई है। स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के अंतर्गत देश के चयनित 50 शहरों में स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को तेजी से सुदृढ़ करने पर इसका फोकस रहेगा। चयनित शहरों को केंद्र सरकार की ओर से तकनीकी सहयोग, सतत मार्गदर्शन और निगरानी उपलब्ध कराई जाएगी।

'प्रगति-50' के तहत घर-घर कचरा संग्रहण, कचरे के वैज्ञानिक पृथक्करण एवं प्रसंस्करण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और सार्वजनिक स्वच्छता सुविधाओं में सुधार पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसके साथ ही उपयोग किए गए जल के उपचार, पुन: उपयोग और समुचित प्रबंधन को बढ़ावा दिया जाएगा।

योजना के तहत स्वच्छता अभियानों में नागरिकों, संस्थाओं और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी बढ़ाने तथा निर्धारित संकेतकों के आधार पर शहरों के प्रदर्शन की नियमित समीक्षा और निगरानी भी की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित