पटना , जनवरी 12 -- बिहार पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने सोमवार को अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रगति यात्रा के दौरान घोषित सभी योजनाओं को उच्च प्राथमिकता देकर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए। श्री पाल ने आज प्रगति यात्रा के दौरान घोषित पथ निर्माण विभाग की विभिन्न योजनाओं की विभागीय सभाकक्ष में विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की आगामी समृद्धि यात्रा की भी तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
श्री पाल ने बैठक में विभाग अंतर्गत विभिन्न परियोजनाओं की अद्यतन प्रगति, गुणवत्ता, समय-सीमा एवं चुनौतियों पर गहन चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रगति यात्रा के दौरान घोषित सभी योजनाओं को उच्च प्राथमिकता देकर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए।
सचिव श्री पाल ने कहा कि आगामी समृद्धि यात्रा के दौरान प्रस्तावित सड़क, पुल एवं अन्य अवसंरचना संबंधी कार्यों की पूर्व तैयारी पूर्ण की जाए जिससे यात्रा के दौरान सुचारु आवागमन एवं जनता को अधिकतम सुविधा मिल सके। सभी संबंधित अभियंताओं एवं अधिकारियों को परियोजनाओं के शिलान्यास एवं उद्घाटन से संबंधित कार्ययोजना को तत्काल तैयार करने एवं नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। सभी पदाधिकारियों को नियमित स्थल भ्रमण करने के लिये निदेशित किया गया। जिला प्रशासन से भी समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित