ऋषिकेश , मई 19 -- उत्तराखंड में ऋषिकेश के प्रगतिपुरम कॉलोनी में बंद मकान का ताला तोड़कर नकदी, ज्वैलरी एवं सीसीटीवी कैमरा चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई सोने-चांदी की ज्वैलरी और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 मई को प्रगतिपुरम कॉलोनी, लक्कड़घाट रोड निवासी राजेश चन्द्र रमोला ने कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उनके बंद मकान का ताला तोड़कर घर में रखी नकदी, ज्वैलरी और सीसीटीवी कैमरा चोरी कर ले गए। मामले में पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक ऋषिकेश के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने लगातार संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच, सीसीटीवी फुटेजों का विश्लेषण और मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर सुरागरसी शुरू की।

इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की घटना में शामिल दो युवक लाल रंग की मोटरसाइकिल पर चोरी का सामान बेचने की फिराक में लक्कड़घाट क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर लक्कड़घाट हनुमान मंदिर के पास दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को देखकर दोनों आरोपी भागने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने प्रगतिपुरम क्षेत्र में बंद मकान में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी भी की गई है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम प्रवीण सिंह पुत्र सुखराम सिंह निवासी सराय रोड, सीतापुर ज्वालापुर हरिद्वार और संजय कुमार उर्फ संजू पुत्र गुलशन कुमार निवासी वाल्मीकि बस्ती, ज्वालापुर हरिद्वार हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गले का हार, चैन, मांग टीका, कानों के झुमके, टॉप्स, पायजेब और बिछुए सहित अन्य आभूषण बरामद किए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित