पटना , जून 15 -- राज्य भर के 534 प्रखंडों में तीन दिवसीय सहयोग-सह-जन-कल्याण शिविर का शुभारंभ मंगलवार से किया जाएगा। इस शिविर में पहुंचने वाले लोगों की सहूलियत में मेडिकल स्टॉल, हेल्प डेस्क आदि सुविधाएं होंगी।

मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत की ओर से जिला पदाधिकारियों को जारी पत्र में कहा गया है कि प्रखंड सहयोग सह जन कल्याण शिविर में बनाए गए मेडिकल स्टाल पर लोगों की प्राथमिक स्वास्थ्य जांच, स्वास्थ्य परामर्श की सुविधा लागू होगी। अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि मेडिकल स्टॉल आयुष्मान भारत एवं वय वंदना कार्ड नामांकन काउंटर के निकट स्थापित किया जाएगा।

श्री अमृत ने पत्र में यह भी कहा है कि शिविर स्थल पर हेल्प डेस्क की स्थापना की जाय जहां प्रशिक्षित स्वयंसेवक और कर्मचारी यहां आने वाले आवेदक, लाभार्थियों को सही काउंटर तक पहुंचाने में मदद करें। साथ ही फॉर्म भरवाने एवं दस्तावेजीकरण में सहायता प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा है कि प्रत्येक योजना के लिए पृथक काउंटर और इन काउंटरों पर नोडल पदाधिकारी तैनात किए जाएंगे। शिविर में जिला/ प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।

मुख्य सचिव श्री अमृत ने कहा है कि प्रत्येक प्रखंड के लिए जिला स्तर से एक वरीय पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। ये पदाधिकारी शिविर का नियमित निरीक्षण करेंगे और इसकी सफलता में आवश्यक निर्देश देंगे। शिविर में लगने वाले स्टॉल की व्यवस्था ग्रामीण विकास विभाग की ओर से किया जाएगा।

गौरतलब है कि राज्य में लोगों को सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने और उनकी समस्याओं के त्वरित निराकरण की दिशा में पिछले महीने के 19 तारीख से सहयोग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। महीने के प्रथम और तृतीय मंगलवार को आयोजित होने वाले शिविर की शुरुआत ग्राम पंचायत स्तर पर की गई थी। इसके कुछ दिनों के बाद इसे नगर पंचायतों के लिए भी लागू किया गया।

अभियान के महत्व को देखते हुए सरकार ने 16 से 18 जून के बीच तीन दिवसीय प्रखंड सहयोग सह जन कल्याण शिविर लगाने का निर्णय लिया है। इसी के अनुपालन में मुख्य सचिव ने जिला पदाधिकारियों को पत्र के माध्यम से आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। इस पत्र में उन्होंने कहा है कि प्रखंडों में लगने वाले प्रखंड सहयोग-सह-जन-कल्याण शिविर का आयोजन पूर्व में ग्राम पंचायत और नगर पंचायत स्तर पर आयोजित हो रहे सहयोग शिविर के समानांतर किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित