पटना , नवंबर 01 -- गामी प्रकाश पर्व को लेकर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम यातायात और बेहतर नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पटना नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में रविवार को पटना साहिब के विधायक रत्नेश कुमार एवं नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने पटना सिटी के विभिन्न स्थलों का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान गुरु गोविंद सिंह पथ पर जाम एवं जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान के साथ-साथ क्षेत्र में चल रही विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान चौक शिकारपुर के समीप जलजमाव की समस्या के समाधान के लिए छटंकी नाला के लिए पाइपलाइन क्रॉसिंग का कार्य कराने का निर्देश दिया गया। इस कार्य को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए दानापुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक को बुडको को आवश्यक अनापत्ति प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया, जिससे पाइपलाइन क्रॉसिंग का कार्य शीघ्र शुरू किया जा सके।

मेहंदीगंज रेलवे गुमटी पर आए दिन लगने वाले जाम की समस्या के समाधान के लिए रेलवे के डीआरएम के साथ चर्चा की गई। इस दौरान गुमटी पर रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण पर सहमति बनी। इसके निर्माण से क्षेत्र में यातायात का दबाव कम करने और आवागमन को अधिक सुगम बनाने में मदद मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान माननीय विधायक एवं नगर आयुक्त ने वार्ड संख्या-62 स्थित रघुनाथ स्कूल के सामने पटना नगर निगम द्वारा विकसित किए जा रहे खेल परिसर के निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया। नगर आयुक्त ने बताया कि लगभग 1.4 एकड़ भूमि पर इस खेल परिसर को आधुनिक सुविधाओं से युक्त खेल मैदान के रूप में विकसित किया जा रहा है।

परियोजना के तहत बाउंड्री एवं गेट निर्माण, पाइलिंग तथा शौचालय निर्माण का कार्य पूरा हो चुका है। परिसर में फ्लड लाइट की व्यवस्था की जाएगी, जिससे बच्चे और युवा शाम के समय भी खेल गतिविधियों में हिस्सा ले सकेंगे। इसके अतिरिक्त पेयजल, शौचालय एवं सुरक्षा संबंधी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। परियोजना पर करीब 1.61 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस खेल परिसर का निर्माण मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित