नयी दिल्ली , जुलाई 01 -- मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में इस महीने के पहले सप्ताह में आयोजित होने वाले प्रकाशकों के अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में भारतीय प्रतिनिधिमंडल कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और कॉपीराइट से जुड़े मुद्दे उठाने की तैयारी में है।

इंटरनेशनल पब्लिसर्स कांग्रेस 2026 का आयोजन 05 से 09 जुलाई तक होगा। इसमें प्रकाशन उद्योग का शीर्ष संगठन फेडरेशन ऑफ इंडियन पब्लिशर्स (एफआईपी) भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेगा। फेडरेशन ने बताया कि इस सम्मेलन में भारत एआई, कॉपीराइट, डिजिटल नवाचार, राइट्स ट्रेडिंग और पब्लिशिंग इंडस्ट्री के भविष्य जैसे अहम मुद्दों पर अपनी बात रखेगा और वैश्विक विमर्श में सक्रिय भागीदारी निभायेगा।

इंटरनेशनल पब्लिशर्स एसोसिएशन, जिनेवा और मलेशियन बुक पब्लिशर्स एसोसिएशन द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस सम्मेलन में दुनिया भर के प्रकाशक, लेखक, प्रौद्योगिकी विशेषज्ञ, नीति-निर्माता, राइट्स से जुड़े पेशेवर और प्रकाशन उद्योग के प्रमुख प्रतिनिधि शामिल होंगे। यह प्रतिनिधिमंडल वैश्विक प्रकाशन पारितंत्र में देश की लगातार मजबूत होती भूमिका और प्रकाशन नीति, नवाचार तथा अंतरराष्ट्रीय सहयोग में उसके बढ़ते योगदान को दर्शाता है।

सम्मेलन के दौरान देश के दो प्रमुख प्रतिनिधि विभिन्न सत्रों को संबोधित करेंगे। एफआईपी के उपाध्यक्ष प्रणव गुप्ता "गेटवे टू साउथ-ईस्ट एशिया: एंट्री पाथ्स, पिटफॉल्स एंड पेऑफ्स" विषय पर आयोजित सत्र को संबोधित करेंगे। शिक्षा मंत्रालय के अंतर्गत नेशनल बुक ट्रस्ट के निदेशक युवराज मलिक 7 जुलाई को "बियॉन्ड द बूथ: हाउ बुक फेयर्स बिकम ईयर-राउंड ग्रोथ इंजन्स" विषय पर आयोजित सत्र में भाग लेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित