पौड़ी, मई 30 -- उत्ताराखंड के पौड़ी जिले में राजकीय भूमि पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में प्रशासन ने खोह नदी तट क्षेत्र में निर्माणाधी चार अवैध इमारतों को ध्वस्त कर दिया।
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बिशनपुर स्थित खोह नदी किनारे राजकीय भूमि पर अतिक्रमण किए जाने की रिपोर्ट राजस्व उपनिरीक्षक पट्टी सनेह द्वारा प्रस्तुत की गई थी। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित लोगों को नियमानुसार नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित अवधि बीत जाने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर राजस्व विभाग, पुलिस विभाग तथा नगर निगम कोटद्वार की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।
संयुक्त अभियान के दौरान जेसीबी मशीन की सहायता से निर्माणाधीन चार इमारतों ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बनाए रखी गयी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राजकीय भूमि, सार्वजनिक परिसंपत्तियों, नदी तटों और आमजन के आवागमन के मार्गों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि सरकारी भूमि की सुरक्षा और सार्वजनिक हितों की रक्षा के लिए जनपद में अतिक्रमण हटाओ अभियान निरंतर चलाया जाएगा तथा अवैध कब्जों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित