दरभंगा , जून 05 -- विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला गंगा समिति, दरभंगा ने "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पौधारोपण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। जिला पदाधिकारी कौशल कुमार ने समाहरणालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस हमें प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का स्मरण कराता है। प्रत्येक नागरिक को पर्यावरण संरक्षण को अपने जीवन की आदत बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। पौधे लगाने के साथ-साथ उनका संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है।

जिलाधिकारी ने अभियान में युवाओं एवं एनसीसी कैडेट्स की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि उनकी ऊर्जा और जागरूकता पर्यावरण संरक्षण के इस जनआंदोलन को और अधिक सशक्त बनाएगी।

उप विकास आयुक्त स्वप्निल ने विकास भवन परिसर में पौधारोपण करते हुए कहा कि सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे के पूरक हैं। वृक्षारोपण हरित आवरण बढ़ाने के साथ-साथ जल संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन और प्रदूषण नियंत्रण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान प्रकृति और परिवार के प्रति हमारी जिम्मेदारियों को जोड़ने का प्रेरणादायक प्रयास है।

जिला गंगा समिति, के जिला परियोजना पदाधिकारी, फारूक इमाम ने कहा कि गंगा एवं उसकी सहायक नदियों के संरक्षण के साथ-साथ वृक्षारोपण, स्वच्छता और जनजागरूकता जैसे प्रयास पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण हैं। युवाओं की सक्रिय भागीदारी समाज में सकारात्मक संदेश देती है।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों, युवाओं एवं एनसीसी कैडेट्स ने "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं मातृ सम्मान का संदेश दिया तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के निदेशक भुवनेश्वर मिश्रा, डीपीओ मनरेगा आमना ज़ोहरा, नमामि गंगे परियोजना से संजीव कुमार, पूजा कुमारी एवं मणिकांत ठाकुर, बिहार बटालियन एनसीसी की जीसीआई राजनन्दनी एवं हवलदार बलहार सिंह सहित कई अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।

कार्यक्रम में युवा स्वयंसेवक नयन प्रिया, सुमेधा श्रीवास्तव, नव्या नंदनी, सोनू कुमार एवं सूरज ठाकुर सहित 70 से अधिक युवाओं ने सहभागिता की। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, स्वच्छता, जैव विविधता तथा नदियों के संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। जिला गंगा समिति ने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, उनकी देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण में निरंतर योगदान देने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित