लखनऊ , जुलाई 8 -- उत्तर प्रदेश में आगामी 12 जुलाई को आयोजित होने वाले पौधरोपण महायज्ञ-2026 की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राज्य सरकार ने 35 करोड़ पौधे रोपित करने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रदेश की 2,600 से अधिक नर्सरियों में 57.62 करोड़ पौधे तैयार किए हैं। वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में वन विभाग की 1,939 नर्सरियों, उद्यान विभाग की 146, रेशम विभाग की 55 तथा 499 निजी पौधशालाओं में पौध तैयार किए गए हैं। इनमें वन विभाग की नर्सरियों में 52.46 करोड़, उद्यान विभाग में 1.55 करोड़, रेशम विभाग में 44 लाख और निजी पौधशालाओं में 3.17 करोड़ पौधे तैयार किए गए हैं।

पौधरोपण अभियान के तहत सबसे अधिक 15.50 करोड़ पौधे वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग लगाएगा। इसके अलावा ग्राम्य विकास विभाग 10 करोड़, कृषि विभाग 3.25 करोड़, उद्यान विभाग 1.50 करोड़, पंचायती राज विभाग 1.22 करोड़ तथा राजस्व विभाग एक करोड़ पौधे रोपित करेगा।

राज्य सरकार के इस महाअभियान में केंद्र सरकार के विभाग भी सहभागी बनेंगे। रेलवे विभाग की ओर से 12 लाख और रक्षा मंत्रालय की ओर से सात लाख पौधे लगाए जाएंगे। इसके अलावा नगर विकास विभाग 45 लाख, जलशक्ति विभाग 23 लाख, उच्च शिक्षा विभाग 20 लाख, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग 16 लाख, पशुपालन विभाग 15 लाख तथा लोक निर्माण विभाग 14 लाख पौधरोपण करेगा।

वन विभाग के अनुसार, तैयार पौधों का वितरण सभी मंडलों, जनपदों और विभागों को लगातार किया जा रहा है। अभियान में जनसहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि पौधरोपण को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा सके।

मुख्य वन संरक्षक (प्रचार-प्रसार) अदिति शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के अनुरूप पौधरोपण महायज्ञ-2026 की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के समन्वित प्रयास और व्यापक जनभागीदारी से इस वर्ष का पौधरोपण अभियान अभूतपूर्व और ऐतिहासिक साबित होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित