पौड़ी , अक्टूबर, 24 -- लोक संस्कृति के संरक्षण, युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और रचनात्मक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उत्तराखंड के पौड़ी जनपद मुख्यालय स्थित प्रेक्षागृह में शनिवार को जनपद स्तरीय युवा महोत्सव का शुभारंभ हुआ। जनपद के सभी 15 विकासखंडों से पहुंचे युवाओं ने लोकनृत्य, लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन, भाषण, फोटोग्राफी और नुक्कड़ नाटक सहित सात विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। महोत्सव के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले महिला मंगल दलों और युवक मंगल दलों को विवेकानंद यूथ अवार्ड से सम्मानित भी किया गया।
राज्य युवा कल्याण सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष विनोद सुयाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी और जिला पंचायत सदस्य अनुज कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव का उद्घाटन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ विकासखंड पोखड़ा के दल की ओर से प्रस्तुत स्वागत गीत के साथ हुआ।
जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि युवा महोत्सव तीन स्तरों पर आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ लोक संस्कृति, कला और परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रेरित करना है। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।
मुख्य अतिथि विनोद सुयाल ने कहा कि युवा महोत्सव जैसे आयोजन युवाओं की प्रतिभा को पहचानने और उसे निखारने का सार्थक माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को आगे लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। युवाओं को अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखते हुए सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने स्वरोजगार पर जोर देते हुए कहा कि युवाओं को रोजगार पाने के साथ ही रोजगार देने वाला बनने की दिशा में भी प्रयास करना चाहिए। अपनी समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखते हुए पौड़ी को आदर्श जनपद बनाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित