पौड़ी , मई 12 -- उत्तराखंड के पौड़ी गढवाल जिले में सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए पुलिस द्वारा चलाया जा रहा सघन जांच अभियान लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी के निर्देशन में पुलिस टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में सोमवार देर रात विशेष अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की।

अभियान के दौरान पुलिस ने पांच वाहन चालकों को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा। इनमें कोटद्वार क्षेत्र से तीन, यातायात कोटद्वार का एक तथा श्रीनगर का एक चालक शामिल है। पुलिस ने सभी वाहनों को जब्त करते हुए संबंधित चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई भी शुरू कर दी है।

इसके अलावा पुलिस ने रैश ड्राइविंग, ओवरलोडिंग, बिना हेलमेट वाहन चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने जैसे मामलों में भी सख्ती दिखाई। जांच अभियान के दौरान 30 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। इनमें कोटद्वार के दो, श्रीनगर के 12, लक्ष्मणझूला के 14 तथा यातायात कोटद्वार के दो वाहन चालक शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार जिलेभर में चलाए गए अभियान के तहत कुल 87 वाहन चालकों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई अमल में लाई गई। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन चलाने की अपील की है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित