पौड़ी , मई 15 -- उत्तराखंड में पौड़ी गढ़वाल जिले में विकास योजनाओं की निगरानी को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ी पहल करते हुए शुक्रवार को "पौड़ी प्रगति पोर्टल" लॉन्च किया है। यह डिजिटल प्लेटफॉर्म जिला में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की रियल टाइम मॉनिटरिंग सुनिश्चित करेगा तथा योजनाओं की प्रगति अब एक ही मंच पर उपलब्ध रहेगी।
जिला प्रशासन की इस पहल को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सुशासन एवं पारदर्शी प्रशासन के संकल्प से जोड़कर देखा जा रहा है। जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने ने बताया कि जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में तैयार किए गए इस पोर्टल के माध्यम से जिला योजना, राज्य सेक्टर, केंद्र पोषित तथा बाह्य सहायतित योजनाओं की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति का नियमित अनुश्रवण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सभी विभागों एवं डिवीजनों को लॉगिन आईडी उपलब्ध कराई गई है। संबंधित अधिकारी अपने विभागों के स्वीकृत विकास कार्यों की प्रगति, व्यय विवरण और कार्यस्थल के फोटो समय-समय पर पोर्टल पर अपलोड करेंगे। इससे योजनाओं की अद्यतन स्थिति तत्काल उपलब्ध रहेगी और समीक्षा प्रक्रिया अधिक आसान व प्रभावी बनेगी।
पोर्टल की खासियत यह भी है कि इसके माध्यम से विकासखंडवार और विभागवार रिपोर्ट तत्काल प्राप्त की जा सकेगी। इससे उच्चाधिकारियों को योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करने और कार्यों में हो रही देरी या लापरवाही पर समय रहते कार्रवाई करने में सहायता मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि जिला योजना समिति की बैठक के दौरान जिला प्रभारी मंत्री एवं कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक द्वारा "पौड़ी प्रगति पोर्टल" का औपचारिक शुभारंभ किया गया था। उन्होंने इस पहल को जनपद के समग्र विकास के लिए आधुनिक एवं परिणामोन्मुखी कदम बताते हुए जिला प्रशासन की सराहना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित