पौड़ी , अक्टूबर, 22 -- त्त्राखंड में पौड़ी के कंडोलिया स्थित इंडोर स्टेडियम में गुरुवार को 24वीं विद्यालयी राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण आगाज हुआ। स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी और मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। 22 से 24 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 11 जनपदों के खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालक वर्ग के मुकाबले खेले जाएंगे। देहरादून स्पोर्ट्स हॉस्टल के खिलाड़ी भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर विधायक राजकुमार पोरी ने ध्वजारोहण कर खिलाड़ियों को खेल शपथ दिलाई। इसके बाद विधायक और सीडीओ ने बैडमिंटन खेलकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। जीआईसी पौड़ी और हिल्स इंटरनेशनल स्कूल के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समारोह को आकर्षक बनाया। प्रभारी जिला शिक्षाधिकारी (माध्यमिक) अंशुल बिष्ट ने अतिथियों का स्वागत किया।

विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और संघर्ष की भावना विकसित करते हैं। विद्यालयी स्तर पर आयोजित ऐसी प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और राज्य स्तर पर पहचान बनाने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ मुकाबलों में हिस्सा लेने और अपने प्रदर्शन से जनपद व प्रदेश का गौरव बढ़ाने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित