पौड़ी , सितंबर, 06 -- उत्तराखंड के पौड़ी में द्वितीय राज्य टेबल टेनिस रैंकिंग प्रतियोगिता-2026 का रविवार को शुभारंभ हुआ। जिला प्रशासन, खेल विभाग एवं जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन के संयुक्त सहयोग से आयोजित प्रतियोगिता में प्रदेशभर से करीब 200 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता के लिए जिला प्रशासन की ओर से उच्च गुणवत्ता वाली छह टेबलें उपलब्ध कराई गई हैं।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनके बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने स्वयं खिलाड़ियों के साथ टेबल टेनिस खेलकर उनका उत्साहवर्धन किया। जिलाधिकारी ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेल एवं अन्य गतिविधियों में भागीदारी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरूरी है। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है।

उन्होंने कहा कि विद्यालयों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें पहचानकर उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराने की है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ अनुभवी खिलाड़ियों से सीखने का अवसर प्रदान करती हैं। अभिभावकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को बचपन से पहचानकर उन्हें प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि खेल में कोई हारता नहीं, कोई सीखता है और कोई जीतता है।

जिलाधिकारी ने कहा कि पौड़ी में खेलों के लिए बेहतर वातावरण तैयार हो रहा है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन से स्थानीय खिलाड़ियों को उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धा का अनुभव मिल रहा है। उन्होंने खेल विभाग एवं जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन को प्रतियोगिता के आयोजन के लिए बधाई देते हुए जिले में खेल गतिविधियों को निरंतर बढ़ावा देने की बात कही।

छह से नौ सितंबर तक आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में अंडर-11, अंडर-13, अंडर-17, अंडर-19 और ओपन वर्ग के मुकाबले होंगे। प्रतियोगिता के पहले दिन ओपन एवं अंडर-19 वर्ग के मुकाबले खेले गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित