पौड़ी , अक्टूबर 01 -- उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और पारंपरिक पहाड़ी खेती को बढ़ावा देने के लिए गुरुवार से मिलेट्स खरीद अभियान शुरू हो गया। मिलेट्स मिशन योजना के तहत जिले में 17 क्रय केंद्रों के माध्यम से किसानों से मंडुवा सहित अन्य पहाड़ी उत्पादों की खरीद की जाएगी। किसानों की सुविधा और उपज की उपलब्धता के आधार पर क्रय केंद्रों की संख्या बढ़ाई भी जा सकती है।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने संबंधित अधिकारियों को क्रय केंद्रों पर किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने और खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने किसानों से निर्धारित क्रय केंद्रों पर अपनी उपज बेचकर सरकार की योजना का लाभ उठाने की अपील की है।

वर्ष 2026-27 के लिए मंडुवे का न्यूनतम समर्थन मूल्य 5205 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है, जो पिछले वर्ष के मुकाबले 319 रुपये अधिक है। प्रदेशभर में इस वर्ष 250 क्रय केंद्रों के माध्यम से मंडुवा, झंगोरा, दालें, तिलहन और चौलाई सहित अन्य पहाड़ी उत्पादों की खरीद की जाएगी। उत्तराखंड राज्य सहकारी संघ (यूसीएफ) के माध्यम से गढ़वाल और कुमाऊं मंडलों में किसानों से सीधे उपज खरीदी जाएगी।

पिछले वर्ष 2025-26 में पौड़ी जिले के 17 क्रय केंद्रों के माध्यम से 831 किसानों से 10,941 क्विंटल मंडुवे की खरीद की गई थी। इसके अतिरिक्त, मंडुवा उपलब्ध कराने वाले स्वयं सहायता समूहों को कृषि विभाग की ओर से 150 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रोत्साहन राशि भी दी गई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित