पौड़ी , अगस्त, 02 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के अनुरूप यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध महाबगढ़ मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्य को शासन से प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। इस निर्णय से मंदिर परिसर के समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त होने के साथ ही क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
परियोजना का क्रियान्वयन जिलाधिकारी के निर्देशन में पर्यटन विभाग के माध्यम से गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) द्वारा कराया जाएगा। योजना के तहत मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण, आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाओं का विकास तथा अन्य निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप किए जाएंगे।
रविवार को प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार निर्माण कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा कराया जाएगा और इसकी नियमित निगरानी भी की जाएगी ताकि कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता न हो।
परियोजना पूरी होने के बाद महाबगढ़ मंदिर श्रद्धालुओं के लिए अधिक सुविधाजनक और आकर्षक धार्मिक स्थल के रूप में विकसित होगा। इससे न केवल देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। शासन का मानना है कि यह परियोजना यमकेश्वर क्षेत्र के धार्मिक एवं पर्यटन विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित