पौड़ी , अक्टूबर 24 -- उत्तराखंड के पौड़ी जनपद के सतपुली में नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शनिवार एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी को कोटद्वार रोड से उस समय पकड़ा गया, जब वह बिहार भागने की फिराक में था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, 23 अक्टूबर को सतपुली निवासी एक व्यक्ति ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग पुत्री पड़ोस की दुकान पर सामान लेने गई थी। इसी दौरान वहां पेंट-पुताई का काम करने वाले युवक ने उसके साथ छेड़छाड़ की। शिकायत के आधार पर थाना सतपुली में पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित करने के निर्देश दिए। इसके बाद सतपुली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शनिवार को आरोपी असगर (30 वर्ष), पुत्र मोहम्मद ताहिर, निवासी किशनगंज, बिहार, वर्तमान निवासी सतपुली को गिरफ्तार कर लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित