पौड़ी , अक्टूबर, 24 -- उत्तराखंड के पौड़ी में शारीरिक चुनौतियों को पीछे छोड़कर खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा और उत्साह का प्रदर्शन करते दिव्यांग बच्चों के चेहरों पर शनिवार को आत्मविश्वास और उमंग नजर आई। समावेशी शिक्षा के तहत शहीद जसवंत सिंह महावीर चक्र विजेता स्पोर्ट्स स्टेडियम, रांसी में विकासखंड पौड़ी के विद्यालयों में अध्ययनरत 14 से 18 वर्ष आयु वर्ग के दिव्यांग बालक-बालिकाओं के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। रिले रेस, चम्मच दौड़, सॉफ्ट बॉल थ्रो, मनोरंजक खेल, गुब्बारे उछालने और रस्साकशी जैसी स्पर्धाओं में बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ कनिष्ठ प्रमुख नीरज पटवाल ने किया। इस दौरान बच्चों ने स्वागत गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों के बीच उत्साहपूर्ण प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।

चार गुणा 100 मीटर रिले दौड़ के विभिन्न वर्गों में राजकीय इंटर कॉलेज उज्याड़ी के सुजल और मोहित, सरस्वती विद्या मंदिर पौड़ी के रोहित तथा डीएवी इंटर कॉलेज पौड़ी के अशोक ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, राजकीय इंटर कॉलेज उज्याड़ी के अमित, डीएवी इंटर कॉलेज पौड़ी के कपिल, परसुंडाखाल के ऋषभ और राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बाड़ा के अमन ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित