पौड़ी, अक्टूबर, 13 -- उत्तराखंड में पौड़ी के विकास भवन सभागार में मंगलवार को डॉ. रघुनंदन सिंह टोलिया प्रशासनिक अकादमी (एटीआई), नैनीताल के सहयोग से तीन दिवसीय प्रशासनिक प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने किया। कार्यशाला में अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशासनिक नियमों, प्रक्रियाओं तथा कार्यदायित्वों की जानकारी देकर कार्यक्षमता बढ़ाने और शासकीय कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम कार्मिकों को नियमों की बेहतर समझ विकसित करने और कार्यक्षेत्र में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं का समाधान खोजने में मदद करते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण के दौरान सक्रिय सहभागिता करने तथा प्राप्त जानकारी का उपयोग दैनिक शासकीय कार्यों में करने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि 13 अक्टूबर को सूचना का अधिकार अधिनियम-2005 और लैंगिक उत्पीड़न निवारण अधिनियम, 14 अक्टूबर को पदोन्नति, चयन वेतनमान, वेतन निर्धारण, एसीपी एवं एमएसीपी जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं, 15 अक्टूबर को आपदा प्रबंधन और इंसिडेंट रिस्पॉन्स सिस्टम (आईआरएस) पर क्षमता विकास सत्र आयोजित होगा।

प्रशिक्षण के प्रथम दिन सूचना का अधिकार अधिनियम पर चर्चा करते हुए सीडीओ ने कहा कि पारदर्शिता और जवाबदेही सुशासन के प्रमुख आधार हैं। लोक सूचना अधिकारियों की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने अभिलेखों का उचित सत्यापन, उनका सुरक्षित रखरखाव और निर्धारित समयसीमा में सूचनाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर बल दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित