पौड़ी , जुलाई 20 -- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर संचालित 'सेवा, सुशासन एवं समर्पण-जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार' अभियान के तहत पौड़ी गढ़वाल में आयोजित बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर आमजन और शासन के बीच मजबूत सेतु बनकर उभरे हैं।
चार जुलाई से 19 जुलाई तक जिले के विभिन्न विकासखंडों में लगाए गए 16 जनसेवा शिविरों में 7,025 लोगों ने भाग लेकर विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठाया। इस दौरान 3,049 आवेदन एवं शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 2,924 का शिविर स्थल पर ही निस्तारण कर लोगों को त्वरित राहत प्रदान की गई।
अभियान का शुभारंभ चार जुलाई को पौड़ी प्रेक्षागृह से हुआ, जहां 951 लोगों ने प्रतिभाग किया और प्राप्त सभी 122 आवेदनों का तत्काल निस्तारण किया गया। इसके बाद विकासखंड पौड़ी, दुगड्डा, थलीसैंण और पोखड़ा में प्राप्त सभी आवेदनों का शत-प्रतिशत समाधान किया गया। वहीं कोट, यमकेश्वर, जयहरीखाल, खिर्सू, कल्जीखाल, पाबौ, बीरोंखाल, रिखणीखाल, नैनीडांडा, एकेश्वर और द्वारीखाल में भी अधिकांश शिकायतों एवं आवेदनों का मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित किया गया।
शिविरों में शिकायतों के समाधान के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों का विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं में पंजीकरण कर उन्हें मौके पर ही लाभान्वित किया गया। विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए पात्रता के अनुरूप लाभ उपलब्ध कराया, जिससे लोगों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिली।
अभियान के दौरान विभिन्न विकासखंडों में जनप्रतिनिधियों एवं राज्यमंत्रियों ने भी जनसेवा शिविरों में पहुंचकर आमजन से संवाद किया और अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित