पौड़ी , सितंबर, 25 -- उत्तराखंउ के जनपद पौड़ी गढ़वाल में ग्राम पंचायतों के रिक्त सदस्य एवं ग्राम प्रधान पदों को भरने के लिए उपचुनाव का बिगुल बज गया है। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के कड़ी में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने शनिवार को उपचुनाव की अधिसूचना जारी कर निर्वाचन कार्यक्रम घोषित कर दिया है। जनपद के विभिन्न विकासखंडों में रिक्त पंचायत पदों पर चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। इसके तहत 12 अक्टूबर को मतदान और 14 अक्टूबर को मतगणना होगी।

पंचायतों में रिक्त पदों को भरने के साथ ही स्थानीय स्वशासन व्यवस्था को सुदृढ़ करना और ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों में जनप्रतिनिधित्व सुनिश्चित करना उपचुनाव का प्रमुख उद्देश्य है। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्र 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संबंधित निर्वाचन अधिकारियों के समक्ष जमा किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 3 अक्टूबर को होगी, जबकि नाम वापसी की अंतिम तिथि 4 अक्टूबर निर्धारित की गई है। प्रत्याशियों को 6 अक्टूबर को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित