पौड़ी , सितंबर 14 -- उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिला कारागार में सोमवार को गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर भगवान श्री गणेश की प्रतिमा की विधिवत स्थापना के साथ गणेश उत्सव का शुभारंभ किया गया। इस दौरान कारागार परिसर में पूजा-अर्चना, आरती और भक्ति-भजनों का आयोजन हुआ। उत्सव में बंदियों के साथ स्थानीय श्रद्धालुओं ने भी सहभागिता की, जिससे कारागार परिसर भक्तिमय वातावरण में रंग गया।
उत्सव के दौरान सात दिनों तक प्रतिदिन धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन का उद्देश्य बंदियों में सकारात्मक सोच, आत्मचिंतन और आध्यात्मिक चेतना को बढ़ावा देने के साथ उन्हें समाज की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए प्रेरित करना है। सात दिवसीय उत्सव का समापन गणेश प्रतिमा के विसर्जन के साथ किया जाएगा।
जेल अधीक्षक कौशल कुमार ने कहा कि गणेश चतुर्थी नई शुरुआत, सकारात्मक सोच और विघ्नों पर विजय का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि कारागार में आयोजित ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम बंदियों में सकारात्मक ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार करते हैं। साथ ही कारागार एवं समाज के बीच सकारात्मक संवाद को भी मजबूत करने में इन आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं देते हुए भगवान श्री गणेश से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित