पौड़ी , मई 06 -- उत्तराखंड में पौड़ी गढवाल में जनगणना 2026 के प्रथम चरण के अंतर्गत चल रहे मकान सूचीकरण एवं गणना कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने अधिकारियों को निर्धारित समय से पूर्व कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि जिले की सभी तहसीलों और नगर निकायों में 20 मई तक फील्ड का समस्त कार्य अनिवार्य रूप से पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि यद्यपि जनगणना का प्रथम चरण 25 अप्रैल से 24 मई तक निर्धारित है लेकिन समय से पूर्व कार्य पूर्ण होने पर डेटा की जांच एवं तकनीकी त्रुटियों के सुधार के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा। जिलाधिकारी ने सभी प्रभारी अधिकारियों को अपने अधीन कार्यरत प्रगणकों और सुपरवाइजरों के लिए प्रतिदिन लक्ष्य निर्धारित करने तथा नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारियों को तहसील स्तर पर प्रतिदिन समीक्षा बैठकें आयोजित करने के निर्देश देते हुए कहा कि जहां भी कोई व्यवधान उत्पन्न हो रहा हो, उसका तत्काल समाधान किया जाए। उन्होंने नगर निकायों और तहसीलों में चल रहे कार्यों की प्रगति का तुलनात्मक विवरण भी देखा तथा पिछड़ रहे क्षेत्रों को तेजी से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जनगणना कार्य में डिजिटलीकरण की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि फील्ड से प्राप्त डेटा को उसी दिन मोबाइल ऐप पर अपडेट किया जाना अनिवार्य होगा, ताकि रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जा सके। उन्होंने तकनीकी टीम को ऐप संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सक्रिय रहने को भी कहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित