पौड़ी गढवाल , मार्च 23 -- उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिला मुख्यालय के प्रेक्षागृह में सोमवार को 'जन-जन की सरकार-चार साल बेमिसाल' कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें सरकार की चार वर्षों की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की व्यापक झलक देखने को मिली। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और माँ शारदे के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस दौरान स्कूली छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना और स्वागत गीत ने माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। कार्यक्रम में सरकार की उपलब्धियों पर आधारित पत्रिका का विमोचन भी किया गया। उपस्थित जनसमूह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का वर्चुअल संबोधन सुना, जिसमें उन्होंने राज्य के विकास, जी-20 बैठकों, राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी, ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट और स्टार्टअप्स की प्रगति सहित विभिन्न उपलब्धियों का उल्लेख किया।
मुख्य कार्यक्रम से पहले विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख और जिलाधिकारी सहित अन्य अतिथियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकासपरक स्टॉलों का निरीक्षण किया। इन स्टॉलों में ग्रामीण आजीविका, कृषि, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, समाज कल्याण और राजस्व विभाग की योजनाओं को प्रदर्शित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। महिला सशक्तिकरण के तहत महालक्ष्मी किट वितरित की गई, वहीं गोद भराई और अन्नप्राशन जैसे संस्कार भी संपन्न कराए गए। इसके अलावा नौ दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण प्रदान किए गए, जिससे उनके जीवन में सहूलियत आई।
पौड़ी के पूर्व विधायक मुकेश कोहली ने सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश में विकास कार्यों की गति तेज हुई है और इसका लाभ गांव-गांव तक पहुंच रहा है। उन्होंने समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून और भू-कानून जैसे फैसलों को जनहितकारी बताया। साथ ही क्षेत्र में पेयजल, सीवर लाइन और पर्यटन विकास से जुड़े कार्यों का उल्लेख किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार की नीतियों का असर अब धरातल पर स्पष्ट दिखाई दे रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, शिक्षा में सुधार और कृषि योजनाओं के जरिए जनपद में विकास को गति मिली है। उन्होंने 'जन-जन की सरकार' शिविरों के माध्यम से समस्याओं के त्वरित समाधान पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने विशेष आकर्षण पैदा किया। स्थानीय कलाकारों और स्कूली बच्चों ने लोकनृत्य और गीतों के माध्यम से सांस्कृतिक विरासत को जीवंत किया। बड़ी संख्या में मौजूद जनसमुदाय की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को यादगार बना दिया।
मुख्य विकास अधिकारी ने अंत में सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आमजन का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की सफलता में उनके सहयोग की सराहना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित