पौड़ी गढवाल , मार्च 24 -- उत्तराखंड के पौड़ी गढवाल जिले में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला चुनाव अधिकारी एवं जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित बैठक में पुनरीक्षण कार्य को पारदर्शी, सटीक और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी नोडल अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने को कहा और स्पष्ट किया कि जिन राजनीतिक दलों ने अभी तक बूथ स्तरीय एजेंट (बीएलए-2) नियुक्त नहीं किए हैं, वे इसे प्राथमिकता से पूरा करें। उन्होंने कहा कि बीएलए-2 की सक्रिय भागीदारी से मतदाता सूची का अद्यतन कार्य अधिक सटीक और पारदर्शी बनेगा।
बैठक में निर्देश दिए गए कि बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) और बीएलए-2 का संयुक्त प्रशिक्षण आयोजित किया जाए, जिससे सभी कार्मिक अपने दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन कर सकें। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि पुनरीक्षण की तिथि घोषित होते ही कार्य तत्काल प्रभाव से शुरू हो सके।
मतदाताओं की सुविधा के लिए प्रत्येक विधानसभा और जिला स्तर पर सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जहां मतदाता सूची से संबंधित शिकायतों और जिज्ञासाओं का समाधान किया जाएगा। इन केंद्रों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि मतदाता ऑनलाइन माध्यम से भी अपना नाम खोज सकेंगे। इसके लिए राजनीतिक दलों को फ्लोचार्ट उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि वे आमजन को जागरूक कर सकें। साथ ही पोस्टर, बैनर और अन्य माध्यमों से जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि वर्ष 2003 और 2025 की मतदाता सूचियां बूथ स्तरीय अधिकारियों को उपलब्ध करा दी गई हैं, जिससे सत्यापन कार्य में सुविधा होगी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पुनरीक्षण कार्य पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न किया जाए।
इस दौरान अमानचित्रित मतदाताओं की पहचान कर उन्हें संबंधित मतदान केंद्रों से जोड़ने पर भी जोर दिया गया, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे। बैठक में विभिन्न अधिकारियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव रखे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित