पौड़ी , मार्च 31 -- उत्तराखंड में पौड़ी गढ़वाल जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में मंगलवार को राजकीय इंटर कॉलेज, पौड़ी नगर में नशा उन्मूलन के उद्देश्य से नशीले पदार्थों (ड्रग्स) की रोकथाम, तस्करी पर नियंत्रण और जागरूकता फैलाने (एंटी ड्रग यूनिट) वाली इकाई का गठन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए समाज में इसके खिलाफ सकारात्मक संदेश देने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में सिविल जज एवं सचिव नाजिश कलीम ने यूनिट के उद्देश्य और कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इसका मुख्य लक्ष्य युवाओं को नशे से दूर रखना और समाज में जागरूकता फैलाना है। उन्होंने कहा कि यह इकाई विद्यालय स्तर पर सक्रिय जागरूकता एवं निगरानी समूह के रूप में कार्य करेगी, जिसमें छात्र-छात्राएं और शिक्षक अहम भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने बताया कि इस इकाई के माध्यम से समय-समय पर जागरूकता रैलियां, गोष्ठियां, निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। नशे को एक गंभीर सामाजिक समस्या बताते हुए उन्होंने कहा कि यह युवाओं के भविष्य, स्वास्थ्य और समाज पर नकारात्मक प्रभाव डालता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही नालसा की थीम "एक मुट्ठी आसमान" और "तुम गिरना मत" पर आधारित शॉर्ट वीडियो तथा नशा जागरूकता से जुड़े वीडियो भी प्रदर्शित किए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित