पौड़ी , जून 17 -- उत्तराखंड के पौड़ी में पाबौ के खुड़डेश्वर मैदान में स्प्रिंग एण्ड रिवर रिजुवनेशन अथॉरिटी द्वारा आयोजित जनपद स्तरीय जल उत्सव-2026 का शुभारंभ प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बुधवार को दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने जल संरक्षण एवं प्राकृतिक जल स्रोतों के पुनर्जीवन में जनभागीदारी को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए लोगों से जल संरक्षण के प्रति जागरूक होने का आह्वान किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. रावत ने कहा कि उत्तराखण्ड की नदियां, नाले और नहरें राज्य की अमूल्य प्राकृतिक धरोहर हैं। बदलती जलवायु परिस्थितियों और बढ़ती जल आवश्यकताओं के बीच इन पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण और पुनर्जीवन समय की मांग है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जल स्रोतों के संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा स्थानीय समुदायों, महिला समूहों और युवाओं की भागीदारी से इन प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता से ही इस दिशा में स्थायी परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। जल स्रोतों के संरक्षण से न केवल पेयजल संकट का समाधान होगा बल्कि पर्यावरणीय संतुलन भी बना रहेगा।

कार्यक्रम के उपरांत मंत्री ने खुड़डेश्वर खेल मैदान के समीप आयोजित स्वच्छता अभियान में श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने और पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने वृक्षारोपण कर हरित पर्यावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनकी देखभाल करना जल संरक्षण एवं पर्यावरण संतुलन के लिए आवश्यक है।

जल उत्सव में जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को लेकर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, डिप्टी डायरेक्टर सारा अजय कुमार सोनकर, तहसीलदार जे.आर. गोस्वामी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित