बैतूल , मार्च 26 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों की पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए जनजातीय कार्य विभाग ने सभी शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों को निर्देश जारी किए हैं।
सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विवेक पांडे ने महाविद्यालयों के प्राचार्यों को निर्देशित करते हुए कहा है कि कई विद्यार्थियों के छात्रवृत्ति आवेदन विभागीय पोर्टल पर लंबित हैं। इसके पीछे ई-केवाईसी, पंजीयन तथा अन्य आवश्यक जानकारियों का समय पर अपडेट न होना प्रमुख कारण है, जिससे छात्रवृत्ति स्वीकृति में विलंब हो रहा है।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी पात्र विद्यार्थियों के लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही संस्थान विद्यार्थियों से संपर्क कर उनका ई-केवाईसी, पंजीयन और अन्य आवश्यक जानकारी निर्धारित समय-सीमा में पोर्टल पर अपडेट कराएं, ताकि उन्हें समय पर छात्रवृत्ति का लाभ मिल सके।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी संस्थान द्वारा पोर्टल पर आवश्यक जानकारी अपडेट नहीं की जाती है, तो इसके लिए संबंधित संस्था प्रमुख जिम्मेदार होंगे। निर्देशों के पालन में लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित