कोटा, 10 अप्रैल (वार्ता) आठवें पोषण पखवाड़ा के तहत केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय कोटा के तत्वाधान में शुक्रवार को यहां पौष्टिक व्यंजन प्रदर्शनी, रंगोली, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता तथा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार महिला एवं बाल विकास विभाग कोटा के सहयोग से लक्की बुर्ज सेंटर कोटा पर इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग की उपनिदेशक सीता शर्मा ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के शारीरिक मानसिक विकास की पहली पाठशाला है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के माध्यम से कुपोषण को दूर किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि साथ ही स्वस्थ खान पान के प्रति जागरूकता फैलाना भी जरूरी हैं। महिलाओं एवं बच्चों को कुपोषण से मुक्त करने में सभी कार्यकर्त्ता अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा हर वर्ष पोषण पखवाड़ा राष्ट्रव्यापी अभियान जन आंदोलन के माध्यम से पोषण, खेल-आधारित शिक्षा और स्वस्थ आहार के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए आयोजित किया जाता है।

इस अवसर पर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सहायक निदेशक रामेश्वर लाल मीणा ने बताया कि पोषण पखवाड़ा का मुख्य उद्देश्य जीवन के पहले छह वर्षों में बच्चों के मस्तिष्क के विकास को अधिकतम करना है। उन्होंने कहा कि जीवन के पहले एक हजार दिनों एवं 0 से 6 वर्ष की आयु में मस्तिष्क का 85 प्रतिशत से अधिक विकास होता है, जिसके लिए संतुलित पोषण, संवेदनशील देखभाल एवं प्रारंभिक सीख अत्यंत आवश्यक है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित