चंडीगढ़ , मई 22 -- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने शुतराना से आम आदमी पार्टी के विधायक कुलवंत सिंह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, जिन्होंने सार्वजनिक रूप से कहा है कि यदि लोग उन्हें वोट नहीं देंगे, तो वह नगर समिति चुनावों के दौरान पोलिंग बूथ को अंदर से बंद कर देंगे।
श्री वड़िंग ने इसे लोकतंत्र की हत्या की कोशिश बताते हुए कहा कि यह बेहद शर्मनाक और चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह बयान पंजाब में बूथ कैप्चरिंग की मानसिकता को दर्शाता है और इससे भगवंत मान सरकार का "असल चेहरा" सामने आ गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों को स्वच्छ राजनीति का वादा किया गया था, लेकिन अब राज्य में "साम, दाम, दंड, भेद" की राजनीति लागू की जा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि दबाव, धमकी और सत्ता के दुरुपयोग की राजनीति को संस्थागत रूप दिया जा रहा है। दिल्ली मॉडल की राजनीतिक गुंडागर्दी और चुनावी हेरफेर को अब पंजाब में लागू करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान पंजाब में इसी मॉडल को लागू करना चाहते हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री की चुप्पी संदेह को और मजबूत करती है। उन्होंने चुनाव आयोग से मामले का तुरंत संज्ञान लेने, निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों पर किसी भी तरह का हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और पंजाब की जनता इसका जवाब देगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित