यमुनानगर , अक्टूबर 01 -- धान खरीद में पोर्टल मिसमैच की समस्या को लेकर भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) ने गुरुवार को हरियाणा में यमुनानगर के जिला सचिवालय के सामने स्थित अनाज मंडी में जोरदार प्रदर्शन किया।
किसानों ने प्रदेश सरकार और कृषि मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री के पुतले फूंके। प्रदर्शनको देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
किसान नेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर दो दिन के भीतर पोर्टल मिसमैच की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो किसान अपनी धान की फसल जिला सचिवालय में लाकर गिराएंगे। यूनियन के जिला अध्यक्ष संजू गुंदियाना ने आरोप लगाया कि अधिकारियों को समय रहते पोर्टल मैचिंग का काम पूरा करना चाहिए था, लेकिन अभी तक 50 प्रतिशत से अधिक किसानोंके पोर्टल मैच नहीं हुए हैं। इससे किसानों को मंडी में धान लाने और बेचने में परेशानी हो रही है।
किसानों ने बताया कि जिले की एक अनाज मंडी से एक से दो किलोमीटर की दूरी पर ही दूसरे जिले की सीमा शुरू हो जाती है, लेकिन किसानों को दूसरे जिले की नजदीकी मंडी में धान बेचने की अनुमति नहीं दी जा रही और उनका पोर्टल नहीं काटा जा रहा। कई किसानों का पोर्टल किसी अन्य व्यक्ति ने करवा लिया है, जिस पर विभाग कोई कार्रवाई नहीं कर रहा।
उन्होंने बताया कि यदि परिवार के किसी सदस्य की मृत्यु हो गयी है, और जमीन उसके नाम है, तो परिवार के अन्य सदस्य द्वारा करवाए गए पोर्टल को भी वेरिफाई नहीं किया जा रहा। सरकार समस्या दूर करने के बजाय किसानों को दफ्तरों और अधिकारियों के चक्कर कटवा रही है।
फिलहाल किसान यूनियन ने प्रशासन को दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए पोर्टल मिसमैच की समस्या तत्काल दूर करने की मांग की है और समाधान न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।
इस अवसर पर जिला महासचिव गुरबीर सिंह, जिला निदेशक मनदीप रोड छप्पर, जिला सचिव विक्रांत सिसौली, संगठन सचिव राजीव, जिला उपाध्यक्ष गुरमेज कपूरी, कृष्ण पाल सुडहल, जगाधरी ब्लॉक अध्यक्ष परमजीत सिंह, छछरौली ब्लॉक प्रधान राजकुमार, प्रताप नगर ब्लॉक प्रधान जगतार कड़कोली, बिलासपुर प्रधान नैब सिंह, साढौरा प्रधान सतपाल राणा,अनाज मंडी प्रधान जगबीर सिंह, लखविंदर सिंह मल्ली सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित