शिवपुरी , अगस्त 09 -- मध्यप्रदेश में शिवपुरी जिले के कोलारस अनुविभाग में पोते की मृत्यु के कुछ देर बाद ही सदमे में उसकी दादी की भी मृत्यु हो जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया और देर शाम पोते एवं दादी का अंतिम संस्कार किया गया।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कोलारस अनुविभाग के ग्राम धामनटूक निवासी सात वर्षीय अंशुल की शनिवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल जिला मुख्यालय शिवपुरी के एक निजी नर्सिंग होम ले गए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद परिजन अंशुल को जिला चिकित्सालय शिवपुरी लेकर पहुंचे। वहां भी चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन बच्चे को आगे उपचार के लिए गुना ले जाने के उद्देश्य से शव को वाहन में लेकर रवाना हुए।
बताया गया है कि बदरवास कस्बे के पास वाहन में बैठी अंशुल की दादी शांति बाई धाकड़ (55) की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें तत्काल बदरवास स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां कुछ देर बाद उनकी भी मृत्यु हो गई। परिवार के कुछ सदस्य बच्चे को लेकर गुना की ओर रवाना हो गए थे। इसके बाद परिवार के लोग दोनों को लेकर गांव वापस पहुंचे और देर शाम पोते अंशुल तथा दादी शांति बाई का अंतिम संस्कार किया गया। घटना से गांव में शोक का माहौल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित