जगदलपुर , अक्टूबर 18 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के ग्राम पोड़ागुड़ा में नवनिर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (आयुष्मान आरोग्य मंदिर) का रविवार को लोकार्पण किया गया।
इस केंद्र के शुरू होने से पोड़ागुड़ा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अब अपने गांव के निकट ही प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
बस्तर सांसद महेश कश्यप और जगदलपुर विधायक किरण देव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणों को नई स्वास्थ्य सुविधा मिलने पर बधाई दी।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार नवनिर्मित केंद्र के संचालन से क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ेगी। ग्रामीणों को प्राथमिक उपचार के लिए दूरस्थ स्वास्थ्य संस्थानों पर निर्भरता कम करनी पड़ेगी। साथ ही आसपास के आश्रित गांवों के लोगों को भी इस केंद्र का लाभ मिलेगा।
लोकार्पण समारोह में सरपंच मनदेव बघेल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. महेश सांडिया, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सी. मैत्री और जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. रीना लक्ष्मी मौजूद रहीं।
कार्यक्रम का संचालन महेन्द्र पांडे, प्रशांत श्रीवास्तव और नरेश मरकाम ने किया। आयोजन में खंड चिकित्सा अधिकारी नानगूर तथा खंड कार्यक्रम प्रबंधक शकुंतला फिलिप्स ने विभागीय समन्वय की जिम्मेदारी निभाई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित