पौड़ी , मई, 10 -- उत्तराखंड में जनपद पौड़ी गढ़वाल के विकासखंड पोखड़ा क्षेत्र में बाल विवाह की एक संभावित घटना को रविवार प्रशासन की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से समय रहते रोक दिया गया। चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, जिला बाल संरक्षण इकाई, बाल कल्याण समिति तथा पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर नाबालिग बालिका का सुरक्षित रेस्क्यू किया और प्रस्तावित बाल विवाह रुकवा दिया।

जानकारी के अनुसार चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 को क्षेत्र से बाल विवाह संबंधी सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही मामला जिला बाल संरक्षण इकाई एवं बाल कल्याण समिति के संज्ञान में लाया गया। बाल कल्याण समिति अध्यक्ष राकेश चंद्रा बिडालिया के निर्देश पर पुलिस एवं संबंधित विभागों की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर भेजी गई।

संयुक्त टीम द्वारा मौके पर सत्यापन किए जाने पर एक नाबालिग बालिका का विवाह प्रस्तावित पाया गया। टीम ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए विवाह की प्रक्रिया रुकवाई और बालिका को सुरक्षित संरक्षण में लिया।

रेस्क्यू के बाद बालिका को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे सुरक्षित पुनर्वास केंद्र भेजा गया। केंद्र में बालिका को परामर्श सहित आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।

जिला परिवीक्षा अधिकारी एवं जिला बाल संरक्षण अधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि हाल ही में जनपद में बाल विवाह रोकथाम को लेकर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया था। उन्होंने कहा कि जागरूक नागरिकों द्वारा समय पर सूचना दिए जाने के कारण यह कार्रवाई संभव हो सकी और एक बालिका का भविष्य सुरक्षित किया जा सका।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित